मुजफ्फरनगर। पानीपत–खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित जागाहेड़ी टोल प्लाजा पर रविवार दोपहर भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के कार्यकर्ताओं ने जमकर उत्पात मचाया। जिला अध्यक्ष निखिल चौधरी के नेतृत्व में आए दर्जनों लोगों ने न केवल टोल कर्मचारियों के साथ अभद्रता की, बल्कि टोल के बूम तोड़कर वहां जबरन कब्जा कर लिया। पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए 18 नामजद सहित 50 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है और आधा दर्जन गाड़ियाँ सीज कर दी हैं।
क्या है पूरा घटनाक्रम?
रविवार दोपहर करीब एक बजे भाकियू तोमर के जिला अध्यक्ष निखिल चौधरी 30-35 गाड़ियों के काफिले के साथ टोल प्लाजा पहुंचे। टोल मैनेजर जसवीर सिंह द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, गाड़ियों में सवार 30 से 40 लोगों ने अचानक टोल कर्मियों पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए कर्मचारियों को वहां से भगा दिया।
जमकर हुई तोड़फोड़, लाखों का नुकसान-
हंगामे के दौरान प्रदर्शनकारियों ने टोल प्लाजा के बूम (Booms) तोड़ दिए और जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान घंटों तक टोल को जबरन फ्री रखा गया, जिससे प्रबंधन को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है। अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाकर भागते नजर आए।
सीसीटीवी में कैद हुई गुंडई, पुलिस ने कसा शिकंजा-
पूरा घटनाक्रम टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की है। तितावी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भाकियू तोमर गुट की 6 गाड़ियों को पकड़कर सीज कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से कई गाड़ियों पर अवैध रूप से हूटर लगे हुए थे।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा-
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ:
राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम
सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम
दंडविधि संशोधन अधिनियम
के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
नामजद आरोपी-
पुलिस ने निखिल चौधरी, हनी उर्फ अहसान, पवन त्यागी, अजय त्यागी, अंकित चौधरी, हसीर, वाजिद रजा, दीपक चौधरी, सोनू, फिरोज, महबूब बालियान, इरशाद, रिहान, साजिद अल्वी, नौशाद अल्वी, आकिल राणा, शानू पहलवान और सिराजू को नामजद किया है। इसके अलावा 30-40 अज्ञात लोगों की तलाश जारी है।










Discussion about this post