मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी पुलिस ने व्यापारी नवीन मित्तल की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या का कारण दो लाख रुपये का बकाया लेनदेन था। आरोप है कि आरोपी नमन जिंदल ने अपने मित्र आतिश के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी नमन जिंदल पर मृतक नवीन मित्तल के दो लाख से अधिक रुपये बकाया थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रकम चुकाने में असमर्थ थे, इसलिए उन्होंने यह गंभीर कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नमन ने नवीन मित्तल को अपनी गाड़ी में बैठाकर पहले उन्हें शराब पिलाई, फिर सीट बेल्ट की मदद से गला कसकर उनकी जान ले ली। इसके बाद शव को भोपा गंग नहर में फेंक दिया गया।
थाना नई मंडी पुलिस ने नमन जिंदल की निशानदेही पर नवीन मित्तल का शव बरामद कर लिया है। साथ ही मृतक की सोने की चेन, अंगूठी, स्कूटी, ₹5000 नकद और वारदात में प्रयुक्त टाटा पंच कार भी जब्त की गई है। नमन जिंदल के साथ इस वारदात में शामिल आतिश को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। घटना ने व्यापारिक समुदाय में शोक और चिंता का माहौल बना दिया है।











Discussion about this post