मुज़फ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र के गांधी कॉलोनी गली नंबर 17 में स्ट्रीट डॉग्स को लाठियों से पीटने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पशु प्रेमियों की शिकायत पर पुलिस ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पशु प्रेमी डॉ. संदीप अरोड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना 11 जून की है। जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, उन्होंने तुरंत संज्ञान लिया और मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने पुष्टि की कि यह पिता-पुत्र आए दिन स्ट्रीट डॉग्स को लाठी-डंडों से मारते हैं। घटना वाले दिन दो से तीन कुत्ते बुरी तरह घायल हो गए, जिनमें से कुछ के पैर भी टूट गए थे।
डॉ. अरोड़ा ने बताया कि आरोपियों को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वे नहीं माने। डायल 112 पर कॉल करने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और समझाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के जाने के बाद आरोपियों ने पशु प्रेमियों के साथ अभद्रता और धमकी दी।
स्थानीय निवासियों ने भी बताया कि यह परिवार अक्सर स्ट्रीट डॉग्स को मारता-पीटता है, जिससे मोहल्ले के लोग भी परेशान हैं। अगले दिन नई मंडी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
डॉ. संदीप अरोड़ा और अन्य पशु प्रेमियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी अमानवीय घटनाओं को रोका जा सके।











Discussion about this post