मुजफ्फरनगर/मेरठ। एनसीआर मेडिकल कॉलेज में फर्जी फैकल्टी, बायोमेट्रिक हेराफेरी और रिश्वतखोरी के आरोप में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने डॉ. शिवानी अग्रवाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। डॉ. शिवानी, मुजफ्फरनगर नगर पालिका की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप की बहन हैं और पूर्व एमएलसी डॉ. सरोजिनी अग्रवाल की बेटी हैं। वह मेरठ-हापुड़ रोड स्थित NCR इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की सहायक प्रबंध निदेशक हैं।
सीबीआई ने 30 जून को डॉ. शिवानी समेत 35 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटों की मान्यता के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) को गुमराह किया। इसके लिए फर्जी फैकल्टी दिखाने, काल्पनिक मरीजों का इलाज दर्शाने और बायोमेट्रिक डेटा में हेराफेरी करने जैसे हथकंडे अपनाए गए।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि कॉलेज प्रबंधन ने NMC के निरीक्षण को अपने पक्ष में करने के लिए रिश्वत की पेशकश की थी। सीबीआई और NMC की संयुक्त जांच में मेडिकल कॉलेजों की मान्यता प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के संकेत मिले हैं।
CBI ने इस मामले में मेरठ स्थित डॉ. सरोजिनी अग्रवाल के निवास और कॉलेज पर छापा भी मारा था। जांच एजेंसी इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारी होने की संभावना है।











Discussion about this post