मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद भनवाड़ा गांव में बुधवार को एक निर्माणाधीन मकान का लेंटर अचानक ढह गया। इस हादसे में दो मजदूर मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे में दबे मजदूरों को निकालने का प्रयास शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया।
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ के एक हायर मेडिकल सेंटर में रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों मजदूरों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान की एक दीवार अचानक धंस गई थी, जिसके कारण पूरा लेंटर नीचे गिर पड़ा। हादसे के वक्त मजदूर मकान की छत पर कार्य कर रहे थे। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। निर्माणाधीन मकान के मालिक से पूछताछ की जा रही है और निर्माण कार्य में लापरवाही की आशंका के मद्देनजर संबंधित निर्माण एजेंसी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।











Discussion about this post