मुजफ्फरनगर। भोपा थाना पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर तत्परता दिखाते हुए एक युवक को युवती से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी की पहचान विनीत पुत्र जितेंद्र, निवासी ग्राम वजीराबाद, के रूप में हुई है।
भोपा थाना प्रभारी ओम प्रकाश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि लड़की के परिजनों की ओर से मिली शिकायत के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई। आरोपी विनीत पर लड़की के साथ अशोभनीय हरकतें करने का आरोप था। पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। ऐसे किसी भी मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना को लेकर गाँव वजीराबाद समेत आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ऐसे तत्वों पर समय रहते सख्त कदम उठाए जाएं, तो समाज में महिलाएं और लड़कियाँ स्वयं को ज्यादा सुरक्षित महसूस करेंगी।
भोपा पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति महिलाओं या लड़कियों के साथ अनुचित व्यवहार करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे। थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि ऐसी घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।










Discussion about this post