मुज़फ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव पटौली में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब अज्ञात बदमाशों ने खेत में काम कर रहे एक किसान को गोली मार दी। गोली किसान के बाएं कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल को पहले भोपा सीएचसी और फिर जिला अस्पताल मुज़फ्फरनगर रेफर किया गया।
घायल किसान की पहचान आफताब (पुत्र मोहम्मद हसन) के रूप में हुई है, जो रोज़मर्रा वेल्डिंग का काम करता था लेकिन कुछ समय से खेती में सक्रिय था। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार, आफताब रविवार सुबह खेतों में काम कर रहा था, तभी जंगल की ओर से आए अज्ञात बदमाशों ने उसे निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगते ही वह खेत में ही गिर पड़ा। ग्रामीणों ने उसे बेसुध हालत में अस्पताल पहुँचाया। भोपा थाने के प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और तहरीर मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घायल आफताब के परिवार में माता गुलशाना, पिता मोहम्मद हसन, पत्नी रुखसाना और भाई खुर्शीद, अम्मार व मुजम्मिल हैं। घटना के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है। वहीं ग्रामीणों ने दिनदहाड़े हुई इस वारदात पर आक्रोश जताया और जंगल क्षेत्र में अपराधियों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर चिंता व्यक्त की। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस जंगल क्षेत्र की घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश में जुट गई है। घटनास्थल से कुछ सुराग भी जुटाए जा रहे हैं, जिनके आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है।










Discussion about this post