नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में लगातार जारी घने कोहरे का सीधा असर हवाई यातायात पर पड़ रहा है। रविवार को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) पर कम दृश्यता (Low Visibility) के चलते कुल 97 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 200 से अधिक उड़ानों के समय में बदलाव या विलंब दर्ज किया गया।
फ्लाइट्स पर कोहरे का असर-
आधिकारिक सूत्रों और फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट ‘फ्लाइरडार24’ के अनुसार, दिल्ली हवाई अड्डे पर आज 48 आगमन (Arrivals) और 49 प्रस्थान (Departures) वाली उड़ानें कैंसिल करनी पड़ीं। आंकड़ों के मुताबिक, उड़ानों के प्रस्थान में औसतन 23 मिनट की देरी देखी गई। हालांकि, एयरपोर्ट संचालक DIAL के अनुसार, दोपहर के बाद मौसम में सुधार होने से परिचालन धीरे-धीरे सुचारू हो गया है।
इंडिगो ने जारी की ‘ट्रैवल एडवाइजरी’-
प्रमुख विमानन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने यात्रियों के लिए अलर्ट जारी करते हुए बताया कि केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि बेंगलुरु और अमृतसर में भी घने कोहरे के कारण फ्लाइट शेड्यूल बुरी तरह प्रभावित हुआ है। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस IndiGo Flight Status पर जरूर चेक कर लें।
यात्रियों की बढ़ी परेशानी-
लगातार उड़ानों के रद्द होने और देरी के कारण एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। कई अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों के प्रभावित होने से लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। मौसम विभाग (IMD) की मानें तो आने वाले 2-3 दिनों तक सुबह के समय इसी तरह का घना कोहरा बने रहने की संभावना है, जिससे हवाई सेवाओं के साथ-साथ रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित रह सकता है।











Discussion about this post