मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के भोपा रोड पर मंगलवार को एक प्रेम कहानी ने सड़क पर हाई-वोल्टेज ड्रामे का रूप ले लिया। शिवपुरी निवासी शिवम और दिल्ली के उत्तमनगर की उसकी प्रेमिका की बचपन की मोहब्बत में उस समय तूफान आ गया जब युवती के भाई अचानक घटनास्थल पर पहुंच गए और फिल्मी अंदाज़ में बहन को जबरन कार में बैठाने लगे।
प्रेमिका के भाइयों की इस हरकत का विरोध करते हुए प्रेमी शिवम और युवती ने कार के सामने लेटकर रास्ता रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक अपनी बहन को लेकर कार से भाग निकले। मौके पर मौजूद लोगों की भारी भीड़ यह नज़ारा देखती रही, लेकिन कोई भी हस्तक्षेप नहीं कर सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दो युवकों को हिरासत में ले लिया। पूरा मामला थाना नई मंडी ले जाया गया, जहां पुलिस ने युवती से बातचीत की। थाना प्रभारी दिनेश बघेल ने बताया कि युवती बालिग है और उसने अपने परिजनों के साथ जाने की लिखित सहमति दी है, जिसके बाद उसे उन्हें सौंप दिया गया।
वहीं प्रेमी शिवम ने दावा किया कि चार दिन पहले उसकी प्रेमिका दिल्ली से उसके पास आई थी और दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली है। शिवम का कहना है कि वह और उसकी प्रेमिका बचपन से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और अब कोई उन्हें अलग नहीं कर सकता।
भोपा रोड पर घंटों चले इस नाटकीय घटनाक्रम के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर ट्रैफिक भी कुछ देर के लिए बाधित रहा और राहगीरों के लिए यह पूरा घटनाक्रम किसी फिल्मी सीन से कम नहीं रहा। हालांकि पुलिस ने स्थिति को काबू में लेते हुए मामले को शांतिपूर्वक सुलझा लिया।











Discussion about this post