मुजफ्फरनगर। स्थानीय बुनियादी सुविधाओं की घोर अनदेखी और प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में, जय समता पार्टी (जसपा) ने सोमवार को रेशु चौक पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। अलमासपुर जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाली, दूषित जलभराव और रेशु बिहार रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज न होने से उत्पन्न गंभीर समस्याओं को लेकर पार्टी ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और तत्काल समाधान की मांग की।
अलमासपुर, सुख विहार स्थित कैंप कार्यालय से शुरू हुए इस प्रदर्शन में जसपा के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमन बंसल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र, नागरिक और कार्यकर्ता शामिल हुए।
छात्रों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ का आरोप-
जसपा पदाधिकारियों ने ज्ञापन में बताया कि श्री राम ग्रुप ऑफ कॉलेज, रेशु बिहार चौक के सामने से गुजरने वाली सड़क लंबे समय से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है। वहाँ लगातार दूषित जलभराव रहता है। उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि इस मार्ग से रोज़ाना हज़ारों छात्र-छात्राएँ कॉलेज आने-जाने में मजबूरन गंदे पानी से होकर गुज़रते हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य को गंभीर खतरा है।
पार्टी ने कहा कि स्थानीय नागरिकों द्वारा लंबे समय से शिकायतें किए जाने के बावजूद प्रशासन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसके अतिरिक्त, रेशु बिहार रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज न होने के कारण प्रतिदिन लंबा जाम लगता है, जिससे आमजन और छात्र भारी परेशानी झेलते हैं।
बिलासपुर कूकड़ा कट पर फ्लाईओवर की मांग-
प्रदर्शनकारियों ने मेरठ-हरिद्वार हाईवे पर मुजफ्फरनगर बायपास स्थित बिलासपुर कूकड़ा कट पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग को भी एक गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने ज़ोर दिया कि इस कट पर बार-बार होने वाले हादसों से जान-माल का बड़ा नुकसान हो रहा है, जिसे फ्लाईओवर बनाकर रोका जा सकता है।
जसपा ने चेतावनी दी कि शासन-प्रशासन केवल आश्वासन दे रहा है, जबकि समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है, जिससे जनता में भारी रोष है। पार्टी ने कहा कि यदि जल्द ही उनकी जनहित से जुड़ी माँगें पूरी नहीं की गईं, तो रेशु बिहार चौक के मुख्य मार्ग को अस्थायी रूप से बंद करके उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और छात्र मौजूद रहे।










Discussion about this post