मुजफ्फरनगर। थाना शाहपुर पुलिस ने उड़ीसा से गांजा लाकर जिले के छात्रों में अवैध मादक पदार्थ सप्लाई करने वाले तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से कुल 21 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रुपए है। इसके अलावा एक कार भी जब्त की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दिलशाद पुत्र बस निवासी शाहपुर, लीला उर्फ लड़ी पुत्र पन्ना जैसलमेर और गोल्डी पुत्र संत लाल निवासी हरियाणा शामिल हैं। एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि रेंज सहारनपुर के निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन सवेरा” के तहत नशा तस्करी और नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नशा बेचने वालों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है और उनके अवैध माल को जब्त किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर क्षेत्र में सप्लाई कर रहे थे। इन आरोपियों का पहले भी अपराधी इतिहास रहा है और उनके खिलाफ एनडीपीएस के पुराने मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों द्वारा गांजा विभिन्न माध्यमों से लाया जाता था—कभी ट्रेन से, कभी गाड़ी से और कभी ट्रक से।
एसपी ने बताया कि उड़ीसा से गांजा लगभग 3,000 रुपए प्रति किलो की दर से लाया जाता था और स्थानीय बाजार में 15,000 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बेचा जाता था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सत्य विधि के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस लगातार नशा तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रखे हुए है।










Discussion about this post