मुजफ्फरनगर। जिले में गुरुवार शाम 25 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर मोनू की हत्या के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार घंटे के भीतर मुठभेड़ के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में गोली लगने से तीनों घायल हो गए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक मोनू की हत्या उसके सगे चाचा करतार सिंह ने अपने दो साथियों – कलविंदर और बलविंदर के साथ मिलकर घर के बाहर गोली मारकर की थी। यह वारदात पुरकाजी थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में हुई। हत्या के पीछे कारण पारिवारिक विवाद और चोरी के शक को बताया जा रहा है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर पुलिस ने तुरंत टीमें गठित कीं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीनों हत्यारों को जंगल में घेर लिया। भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान तीनों आरोपी घायल हो गए।
पुलिस ने कब्जे से एक 12 बोर की मस्कट,एक 315 बोर की राइफल,एक 12 बोर का तमंचा,कई जिंदा व खोखा कारतूस,और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
सीओ सिटी रविशंकर मिश्रा ने बताया कि मृतक मोनू खुद एक हिस्ट्रीशीटर था और उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज थे। वहीं आरोपी करतार सिंह, कलविंदर और बलविंदर पर भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।










Discussion about this post