मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में मंगलवार को पुलिस और गोकशी करने वाले गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना नई मंडी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-58 पर हुई। मुठभेड़ में गैंगस्टर अजहर घायल हो गया। उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद गाड़ी में कुछ लोग गोकशी का माल ले जा रहे हैं। इस पर नई मंडी पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। हाईवे पर सफेद गाड़ी को देख पुलिस ने रुकने का इशारा किया। कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
बदमाशों की कार से पुलिस ने 2 कुंतल गौमांस बरामद किया। इसके अलावा गौकशी के उपकरण और एक तमंचा व जिंदा कारतूस भी मिले। घायल अजहर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। सीओ नई मंडी रूपाली राय चौधरी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश पर कई थाना क्षेत्रों में गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य मामले दर्ज हैं। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस ने सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है।










Discussion about this post