मुजफ्फरनगर। मीरापुर पुलिस ने गुरुवार को कुख्यात चोर फुरकान को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। यह शातिर अपराधी पिछले साल दिसंबर में आईटीसी कंपनी के कंटेनर से सिगरेट के पैकेट चोरी करने के मामले में वांछित था और इसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने कुतुबपुर पुल के पास चेकिंग के दौरान उसे पकड़ा। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और 10,500 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
घटना 16/17 दिसंबर 2024 की रात की है, जब मीरापुर-बिजनौर बाइपास पर एक होटल के पास खड़े आईटीसी कंपनी के कंटेनर से सिगरेट के डब्बे चुरा लिए गए थे। इस चोरी ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने उस पर इनाम घोषित कर दिया था। गुरूवार को कुतुबपुर पुल के पास चेकिंग के दौरान फुरकान पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पूछताछ में उसकी पहचान फुरकान पुत्र इंसाफ अली, निवासी असोदा, थाना कोतवाली देहात, हापुड़ के रूप में हुई। पुलिस ने फुरकान के पास से एक देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और 10 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए। थाना मीरापुर पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










Discussion about this post