चरथावल। थाना भवन से गांव लौट रहे प्राइवेट बैंक प्रबंधक की कार पर हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह बाल-बाल बच गए। बाद में तमंचों की बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। रंजिश में हुए हमले में दो आरोपियों को नामजद करते हुए चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के गांव कछौली निवासी अंकित पुंडीर शामली जिले के थानाभवन में निजी क्षेत्र के बैंक इंडसंड बैंक में शाखा प्रबंधक हैं। वह बुधवार देर रात कार से अपने गांव लौट रहे थे। चरथावल थाना क्षेत्र में कछौली मार्ग पर पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, उनकी कार पर फायरिंग की। गनीमत रही कि गोली उनके सिर के ऊपर से निकल गई। बाद में हमलावरों ने तमंचों की बट से हमला किया। इससे सिर में चोटें आई। सूचना पर परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं चरथावल और कोतवाली पुलिस ने रात में पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया।
घायल के पिता विनोद ने दो आरोपियों को नामजद करते हुए चार हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मुकदमा पंजीकृत कराया है। घायल अंकित हिंदू संगठन से जुड़ा है। बृहस्पतिवार को हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पंवार, जिला मंत्री अंकुर राणा, राजेश शर्मा और सतेंद्र आदि ने अस्पताल पहुंचकर घायल से बातचीत की। पुलिस घटना की तह तक जाने के लिए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।









Discussion about this post