मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में सिखेड़ा थाना पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। ये अभियुक्त फर्जी प्रपत्र तैयार कर कृषि कार्य में प्रयुक्त होने वाले यूरिया उर्वरक की अवैध खरीद-बिक्री और भंडारण का कार्य कर रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 80 बैग यूरिया, एक पिकअप ट्रक और एक होंडा सिटी कार बरामद की है।
एसएसपी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग फर्जी कागजात बनाकर यूरिया की कालाबाजारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर धन्धेड़ा पुलिया पर चेकिंग अभियान चलाया गया, जहाँ एक पिकअप ट्रक और एक कार को रोककर तलाशी ली गई। पिकअप में 80 बैग यूरिया मिला, जिसे फर्जी दस्तावेजों के जरिए ले जाया जा रहा था। मौके से तीन अभियुक्तों—रमन पांडेय, उमंग वशिष्ठ और इंतजार को गिरफ्तार किया गया।
नकली उर्वरक बनाने का खुलासा-
पूछताछ में अभियुक्त उमंग वशिष्ठ ने बताया कि वह नकली कागजात बनाकर यूरिया की खरीद करते थे और उसे श्रीराम बायोटेक इंडस्ट्रीज में ले जाकर PROM, PDM और OM जैसे उर्वरक तैयार कर बाजार में बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय कुमार वर्मा ने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए थाना सिखेड़ा पुलिस टीम को ₹20,000 का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।










Discussion about this post