मुजफ्फरनगर। चांदपुर मखियाली क्षेत्र में मेडिकल वेस्टेज फैक्ट्री के विरोध में चल रहे किसानों के धरने को शनिवार को उस समय नया बल मिला जब भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत मौके पर पहुंचे और किसानों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
राकेश टिकैत ने प्रदर्शनकारी किसानों को संबोधित करते हुए कहा, “जब से यह फैक्ट्री लगी है, तब से इसके धुएं ने ग्रामीणों का जीना दूभर कर दिया है। केवल एक फैक्ट्री के विरोध से बात नहीं बनेगी, इस क्षेत्र में मौजूद सभी प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों की जांच होनी चाहिए।”
उन्होंने बताया कि पहले भी जब आवाज उठाई गई थी, तो प्रदूषण विभाग के अधिकारियों ने खुद स्वीकारा था कि खेतों के आर-पार जाते वक्त उनके कपड़े काले हो गए थे। ऐसे में जब 13 जिलों का मेडिकल कचरा — जिसमें पट्टियाँ, रूई, दवाइयाँ, और जैविक अपशिष्ट शामिल हैं — इस फैक्ट्री में इकट्ठा होगा, तो इससे ना केवल बीमारियाँ फैलेंगी, बल्कि क्षेत्र का पानी और मिट्टी भी गंभीर रूप से प्रदूषित होगी।
टिकैत ने प्रशासन से मांग की कि ऐसी फैक्ट्रियों को अनुमति देना तत्काल रोका जाए और पर्यावरण सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा, “अगर किसान आवाज उठाएंगे तो भारतीय किसान यूनियन उनके साथ खड़ी है। यह आंदोलन पूरे क्षेत्र के हक की लड़ाई है।”
इस अवसर पर टिकैत के साथ बड़ी संख्या में किसान यूनियन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें ज़िला अध्यक्ष चौधरी नवीन राठी, प्रदेश महासचिव चौधरी धीरज लटियाल, प्रदेश सचिव चौधरी श्याम पाल, मुरादाबाद मंडल प्रभारी अशोक घटायन, ज़िला मीडिया प्रभारी चौधरी शक्ति सिंह, ज़िला महासचिव सुमित चौधरी, तहसील अध्यक्ष सदर देव अहलावत, ब्लॉक अध्यक्ष गुलशन चौधरी, महानगर अध्यक्ष गुलबहार राव, ब्लॉक उपाध्यक्ष हैप्पी बालियान, परमजीत चौधरी, नवीन चौधरी, परविंदर चौधरी, संजय चौधरी, संजय त्यागी, अनुज राठी, बॉबी राठी, आयुष चौधरी, अबरार अहमद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व किसान मौजूद रहे।











Discussion about this post