मुजफ्फरनगर। सावधान, यदि आप नगर के शामली रोड पर जाना चाहते है तो आपको खालापार, प्रेमपुरी की भूलभुलैया वाली छोटी-छोटी गलियों से गुजरना पड़ेगा। इसके बाद भी शामली रोड पर पहुंच गए तो कांवड़ियों के बीच से निकलने के दौरान सावधानी बरतनी पड़ेगी। यह सब शामली रोड पर ईदगाह तिराहे पर कट के बंद किए जाने का परिणाम है।
कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने के लिए संकल्पित पुलिस रोजाना नए-नए कदम उठा रही है। कांवड़ मार्ग से गुजरने वाले कांवड़ियों को नगर से सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस ने मदीना चौक से शिव चौक व भगत सिंह रोड, शामली रोड पर लगभग 35 कट बंद किए हैं।
नगर के जिला अस्पताल व मीनाक्षी चौक दो एक चौराहे है जिनसे निकलते ही आधा शहर पार हो जाता है। पुलिस ने आने-जाने के लिए मीनाक्षी चौक को खुला रखा है जबकि अस्पताल चौराहे पर लद्धावाला जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया है। इसी तरफ मीनाक्षी चौराहे से शामली मार्ग पर जाने वाले ईदगाह तिराहे को बंद कर दिया है।
लद्धावाला जाने वाले रास्ते के बंद करने के बाद दूसरा रास्ता खोला गया है लेकिन शामली रोड पर मीनाक्षी चौराहे से जाने वाले ईदगाह तिराहे वाले रास्ते को बंद करने से हजारों लोगों के सामने परेशानी बन गई है।
मुजफ्फरनगर में हजारों लोग व छात्र ऐसे है जो शामली रोड के विभिन्न गांवों से रोजाना शहर में आते है। इन लोगों का आने-जाने का रास्ता ईदगाह तिराहा व मीनाक्षी चौराहा है। दोनों ही रास्ते एक दूसरे के पूरक है। क्योंकि एक के बिना दूसरा रास्ता अधूरा है। यही हाल वर्तमान में है।
मीनाक्षी चौक से ईदगाह तिराहे तक जाने वाला रास्ता बंद है। मीनाक्षी चौक से शामली रोड पर जाने वाले दुपहिया वाहन सवार लोग गलियों से होकर जा रहे है। जिन लोगों को गली वालेे रास्ते पता है वह तो निकल जा रहे है। बाहर से आने वाले गलियों में चक्कर काटते रहते है। चार पहिया वाहन सवार लोग तो गलियां से निकल ही नही पा रहे है।
शामली रोड पर जाने को इधर से निकले-
– मीनाक्षी चौक से मेरठ रोड डीएम आवास के सामने वनवे मार्ग से जाए।
– महावीर चौक से सरकुलर रोड से होकर सुजडू चुंगी से राणा चौक होकर जाए।
– जानसठ बस अड्डे के पास एटूजेड रोड से होकर संधावली पुल के पास पहुंचे।
इधर न पहुंचे-
– कांवड़ यात्रा कच्ची सड़क, शिव चौक से गुजर रही है, इसलिए उधर जाने से बचे।
– मीनाक्षी चौक से नुमाइश कैंप की तरह जाने से बचें।
– नुमाइश कैंप जाने के लिए सरकुलर रोड का प्रयोग करें।
परिवहन निगम के मुजफ्फरनगर डिपो के एआरएम प्रभात कुमार सिन्हा ने बताया कि कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के कारण मुजफ्फरनगर से राणा चौक व वाया शाहपुर होकर कांधला व बड़ौत जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन बंद कर दिया है। अब बड़ौत के लिए रोडवेज बस मुजफ्फरनगर से देवबंद, ननौता, थानाभवन, शामली, कांधला से होकर बड़ौत जाएगी।










Discussion about this post