मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के 8 साल पूरे होने पर ऊर्जा राज्य मंत्री एवं मुजफ्फरनगर के प्रभारी मंत्री सोमेंद्र तोमर मेरठ रोड स्थित नुमाइश ग्राउंड पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा 8 वर्षों में किए गए विकास कार्यों को गिनाया और योगी सरकार की उपलब्धियों को पत्रकारों के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के कानून व्यवस्था मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि आज देश ही नहीं, विदेशों में भी कहीं कोई दंगा या हिंसा होती है, तो वहां योगी मॉडल लागू करने की मांग उठती है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा सरकार के 8 साल पूरे होने पर एक विशाल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसकी थीम “यूपी भारत का ग्रोथ इंजन” रखी गई थी। प्रभारी मंत्री सोमेंद्र तोमर ने मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं एवं जनपद के सम्मानित नागरिकों को सम्मानित किया।
सोमेंद्र तोमर ने कहा कि पिछली सरकारों ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था, लेकिन योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज उत्तर प्रदेश भारत का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश निवेश आकर्षित करने में नंबर वन प्रदेश है और आज लगभग 44 ऐसे क्षेत्र हैं, जहां उत्तर प्रदेश शीर्ष स्थान पर है। उन्होंने गन्ना किसानों के मुद्दे पर कहा कि वर्तमान में देश में सबसे अधिक गन्ने का उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। सरकार चीनी मिलों के विस्तार और नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए निरंतर काम कर रही है, जिससे किसानों की उन्नति हो सके।
इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के भीतर नकारात्मकता भरी हुई है, जिसे प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया गया था। योगी सरकार जहां “एक जिला, एक उत्पाद” की बात करती है, वहीं अखिलेश यादव ने “एक जिला, एक माफिया” का मॉडल अपनाया था।
सोमेंद्र तोमर ने कहा कि अखिलेश यादव सनातन धर्म और महाकुंभ जैसे महापर्वों पर टिप्पणी करते हैं, जबकि उनके समर्थक संभाजी की जगह औरंगजेब का गुणगान करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की नकारात्मक सोच ही उनके राजनीतिक पतन का कारण बन रही है।
मुजफ्फरनगर का नाम बदलने के सवाल पर सोमेंद्र तोमर ने कहा कि सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए पहले भी नाम परिवर्तन किए गए हैं, और उचित समय पर इस पर निर्णय लिया जाएगा। वहीं, नंदकिशोर गुर्जर के मामले पर उन्होंने इसे उनका व्यक्तिगत विषय बताया।
सोमेंद्र तोमर ने कहा कि योगी सरकार प्रदेश के विकास और जनता के हित में लगातार काम कर रही है और आने वाले समय में उत्तर प्रदेश को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।











Discussion about this post