मुज़फ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में मंगलवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब थाना नई मंडी क्षेत्र के गांधी कॉलोनी इलाके के पचेंडा रोड और बच्चन सिंह कॉलोनी में दो अलग-अलग जगहों पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में बीबीए का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति बाल-बाल बच गया। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि मुख्य साजिशकर्ता अमन और अन्य फरार हैं। इन घटनाओं से पूरा इलाका दहल गया और आम जनता में भय का माहौल व्याप्त हो गया।
घटना की शुरुआत बच्चन सिंह कॉलोनी निवासी समर सिंह पर फायरिंग से हुई। वादी समर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि रात करीब 11 बजे के आसपास जब वह अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी अमन नामक युवक ने अपने साथियों—आकाश, अर्जुन, कुणाल, वतन बालियान उर्फ एलेक्स और अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
समर सिंह ने जैसे-तैसे भागकर जान बचाई लेकिन इस हमले से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहगीर और स्थानीय निवासी घरों में छिप गए और घटना के बाद से क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया।
इसी रात, दूसरी बड़ी वारदात सामने आई जिसमें बीबीए छात्र यश शर्मा उर्फ पोली को घर से बुलाकर गोली मारी गई। यश की मां श्रीमती अनीता ने थाना नई मंडी में तहरीर दी कि अमन, एलेक्स, हर्षित, अर्जुन और कुणाल ने यश को किसी बहाने से घर से बुलाया और चाऊमीन फैक्ट्री के पास ले जाकर गोली मार दी।
गोली लगते ही यश लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजन व स्थानीय लोग उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे मेरठ हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना के वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में बदमाशों को लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर मोहल्ले में आतंक मचाते हुए देखा गया। कुछ फुटेज में उन्हें राह चलते लोगों को धमकाते और गोली चलाते भी देखा जा सकता है।
घटना के तुरंत बाद एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत के निर्देशन में थाना नई मंडी और एसओजी टीमों को जांच और गिरफ्तारी के लिए लगाया गया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपियों: आकाश पुत्र धर्मेन्द्र, अर्जुन पुत्र धर्मेन्द्र,कुणाल पुत्र राजीव (सभी निवासी कूकड़ा, थाना नई मंडी) को पचेण्डा पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया । पुलिस ने उनके कब्जे से एक यामाहा मोटरसाइकिल (UP-12-BN-5586) भी बरामद की है, जो घटना में प्रयोग की गई थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मुख्य आरोपी अमन की यश शर्मा से पुरानी रंजिश थी। इसी के चलते बदला लेने के लिए पहले एक राहगीर पर गोली चलाई गई और फिर योजना बनाकर यश को घर से बुलाकर गोली मारी गई। पुलिस ने कहा कि यह एक सुनियोजित आपराधिक साजिश थी, जिसे खुलेआम अंजाम दिया गया।
दोनों मामलों में थाना नई मंडी पर मु0अ0सं0 242/25 और मु0अ0सं0 243/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। फरार आरोपी अमन के पास अभी भी घटना में प्रयुक्त तमंचा होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।










Discussion about this post