मुजफ्फरनगर। सर्विस सेंटर में घुसकर चोरी करने वाले कर्मचारी को पुलिस ने चंद घंटों की भाग दौड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से एलइडी बरामद कर ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को जेल भेज दिया है।
खालापार थाना अंतर्गत विकास भवन के सामने मनोज कुमार निवासी खेड़ी दूधाधारी थाना तितावी का रोशन होंडा नाम से सर्विस सेंटर व शोरूम है। मंगलवार रात आठ बजे वह शोरूम को बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह दस बजे शोरूम खोला तो अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे टूटे पड़े थे और 55 इंच की एलइडी गायब थी।
उन्होंने तत्काल खालापार थाना पुलिस को चोरी की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। जांच के दौरान पुलिस को शोरूम के बाहर की तरफ लगे सीसीटीवी कैमरे में एक काले रंग की फटी चप्पल दिखाई दी, जो बाद में वहां से गायब हो गई थी। मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने घटना स्थल की पूरी पड़ताल की।
खालापार थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान ने बताया कि संदेह के आधार पर शोरूम में काम करने वाले 20 से अधिक कर्मचारियों से उन्होंने पूछताछ की और सीसीटीवी में कैद हुई चप्पल को मिलान कर्मचारियों की चप्पलों से किया तो एक कर्मचारी की चप्पल के आधार पर पहचान की, जिसने वारदात के समय काले रंग के फटी हुई चप्पल पहन रखी थी और सीसीटीवी में चेहरा कैद ना हो, इसलिए आरोपित ने पीछे की तरफ से सीसीटीवी कैमरे तोड़े थे।
हालांकि इससे पहले उसकी एक चप्पल पैर से निकलकर गिर गई थी, जो सीसीटीवी में कैद हो गई। आरोपित की पहचान होने पर पुलिस ने उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया। सख्ती से पूछताछ करने के बाद आरोपित ने अपने घर से शोरूम से चोरी की गई 55 इंच की एलइडी बरामद करा दी। खालापार थाना प्रभारी ने आरोपित का नाम हबीब निवासी कांटे वाली गली मिमलाना रोड बताया है।











Discussion about this post