मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के खांजापुर मोहल्ले में शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शामली रोड के पास स्थित एक प्राइवेट बस वर्कशॉप में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वर्कशॉप में खड़ी तीन डीलक्स बसें और एक टू-चौन गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्कशॉप में कई बसें और वाहन रिपेयरिंग के लिए खड़े थे। वहीं मौजूद डीजल और अन्य ज्वलनशील कैमिकल्स के कारण आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया और वर्कशॉप के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही फायर ऑफिसर रामकिशोर यादव के नेतृत्व में दमकल विभाग की दो गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं। टीम ने घेराबंदी कर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया। फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई के चलते वर्कशॉप में खड़ी अन्य लगभग 25 बसें और वाहन सुरक्षित बचा लिए गए।
फायर ऑफिसर के अनुसार, वर्कशॉप में ज्वलनशील पदार्थों की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैली, लेकिन समय पर नियंत्रण पाने से बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती अनुमान के अनुसार, इस हादसे में एक करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। जलकर खाक हुई तीन डीलक्स बसों और टू-चौन गाड़ी की कीमत लाखों में आंकी गई है। इसके अलावा वर्कशॉप की मशीनरी, उपकरण और ढांचा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है।
स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की तत्परता और समर्पण की सराहना की और कहा कि यदि दमकल विभाग समय पर नहीं पहुंचता, तो यह आग अन्य वाहनों तक फैल सकती थी और जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग संयुक्त रूप से जांच में जुटे हैं।










Discussion about this post