पटना। बिहार विधानसभा चुनाव-2025 के परिणाम घोषित होने और आचार संहिता समाप्त होने के साथ ही राज्य में नई सरकार के गठन की राजनीतिक कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को जदयू विधायक दल की बैठक करने जा रहे हैं, जिसमें उन्हें विधायक दल का नेता चुना जाएगा।
मुख्यमंत्री हाउस के सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार 17 नवंबर को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंपेंगे और इसी दिन वह राजग गठबंधन की ओर से नई सरकार बनाने का दावा भी पेश कर सकते हैं। माना जा रहा है कि 20 नवंबर को नीतीश कुमार रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
मंत्रिमंडल का खाका तैयार-
राजग गठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी (89 सीटें) होने के बावजूद, सरकार में एक बार फिर से नीतीश कुमार की पार्टी JDU का कद बढ़ना तय माना जा रहा है। सूत्रों की मानें तो मंत्रिमंडल में इस बार 30 से 32 मंत्री हो सकते हैं, जिसमें JDU और BJP के बराबर-बराबर मंत्री रहने की संभावना है। पिछली सरकार में JDU कोटे से रहे 13 में से 10 मंत्रियों को नई सरकार में दोहराया जा सकता है।
गठबंधन के सहयोगियों को भी मंत्रिमंडल में स्थान मिलेगा। चिराग पासवान की पार्टी LJP(R) को तीन मंत्री पद, जबकि जीतन राम मांझी (हम) और उपेंद्र कुशवाहा (आरएलएम) को एक-एक मंत्री पद मिलने की संभावना है।
डिप्टी CM पर मंथन-
2020 चुनाव के बाद शुरू हुई दो डिप्टी CM की परंपरा इस बार भी जारी रह सकती है। हालांकि, बीजेपी से सम्राट चौधरी, रामकृपाल यादव और मंगल पांडे के नाम चर्चा में हैं, लेकिन डिप्टी सीएम के एक पद पर LJP(R) भी दावेदारी कर रही है। अंतिम निर्णय बीजेपी नेतृत्व द्वारा ही लिया जाएगा।
राजग गठबंधन ने 243 में से 202 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है, जिसमें बीजेपी ने 89 और जेडीयू ने 85 सीटें हासिल की हैं। चुनाव आयोग द्वारा राज्यपाल को विजेता उम्मीदवारों की सूची सौंपे जाने के बाद अब नई सरकार के गठन की औपचारिक घोषणा जल्द ही होने की उम्मीद है।











Discussion about this post