मथुरा। मथुरा के कोसीकलां में रविवार को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का राष्ट्रीय अधिवेशन भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी सहित 14 प्रदेशों के अध्यक्षों और अन्य शीर्ष पदाधिकारियों ने भाग लिया। अधिवेशन में सर्वसम्मति से अगले तीन वर्षों के लिए एक बार फिर जयंत चौधरी को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया।
एनडीए के प्रति व्यक्त किया आभार-
अध्यक्ष चुने जाने के बाद जयंत चौधरी ने मथुरा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मथुरा के लोगों ने जिस तरह साथ दिया, उसे कभी नहीं भूलूंगा। यह आशीर्वाद ही है कि मैं फिर अध्यक्ष बना।” उन्होंने एनडीए की सराहना करते हुए कहा कि बिहार के नतीजों ने साबित कर दिया है कि एनडीए सरकार में हर वर्ग सुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई बड़ी जिम्मेदारी के लिए सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि रालोद एनडीए के साथ मजबूती से खड़ा है।
किसानों और सामाजिक सुधार पर जोर-
जयंत चौधरी ने किसान हितों पर बात करते हुए कहा कि योगी सरकार किसानों की सरकार है और मुख्यमंत्री ने गन्ने का मूल्य बढ़ाया है। उन्होंने छाता की बंद चीनी मिल को हर हाल में चालू कराने के लिए समर्पित रहने और जल्द ही मुख्यमंत्री से इस संबंध में बात करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से चौधरी चरण सिंह की नीतियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया और कहा कि गांव, किसान, गरीब की चर्चा होना ही रालोद की जीत है। उन्होंने महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें शीघ्र आरक्षण का लाभ दिलाने पर जोर दिया।
महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित-
राजनीतिक प्रस्ताव: पाकिस्तान द्वारा लगातार किए जा रहे हमलों और वैश्विक अशांति के दौर में भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय विश्वसनीयता के लिए केंद्र सरकार की प्रशंसा की गई।
कृषि भूमि का विभाजन रोकने, युवाओं को गांव-कस्बे में रोजगार देने और उर्वरकों के अनियंत्रित उपयोग को नियंत्रित करने पर सहमति बनी।
सामाजिक प्रस्ताव: खेलों को बढ़ावा देने, युवाओं के लिए चुनाव लड़ने की आयु 18 वर्ष करने और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की बात की गई।
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने घोषणा की कि 2027 चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती का वर्ष होगा, जिसे देशभर में धूमधाम से मनाया जाएगा और इस अवसर पर सवा करोड़ वृक्ष लगाए जाएंगे।











Discussion about this post