मुजफ्फरनगर। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शहर के मोहल्ला केशवपुरी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में बुधवार को आधुनिक शौचालय ब्लॉक का उद्घाटन नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और उपस्थित सभी लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।
विद्यालय पहुंचने पर शिक्षिकाओं द्वारा पारंपरिक तिलक और पटका पहनाकर मुख्य अतिथि मीनाक्षी स्वरूप का स्वागत किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच नारियल फोड़कर और फीता काटकर टॉयलेट ब्लॉक का विधिवत उद्घाटन किया गया। पालिकाध्यक्ष ने विद्यालय की जरूरतों को देखते हुए आगे और जनसुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा भी जताया।
उन्होंने बताया कि इस आठ सीट वाले आधुनिक टॉयलेट ब्लॉक में यूरिनल, हैंड वॉश के लिए वॉश बेसिन, दिव्यांगजनों के लिए विशेष टॉयलेट सीट, इंग्लिश टॉयलेट और स्नानघर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह टॉयलेट ब्लॉक लगभग 11 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है।
पालिका के सहायक अभियंता निर्माण नैपाल सिंह ने बताया कि यह निर्माण स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत हुआ है और इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुलभ शौचालय की सुविधा प्रदान करना है।
विद्यालय प्रबंधन ने पालिका के इस योगदान के लिए आभार जताते हुए कहा कि यह कदम बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रधानाचार्य कौशल आर्य ने पालिकाध्यक्ष की संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि यह सहयोग बच्चों की बुनियादी जरूरतों की पूर्ति की दिशा में प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर पालिका सभासद सतीश कुकरेजा, रविकांत शर्मा उर्फ काका, प्रमोद कुमार, सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. विजय टंडन, प्रबंधक संजय अग्रवाल, भाजपा नेता श्रीमोहन तायल, सुनील तायल, पंकज माहेश्वरी, नवनीत गुप्ता सहित कई गणमान्यजन, शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।










Discussion about this post