मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली क्षेत्र के गांव मिमलाना से एक नाबालिग हिंदू (दलित परिवार) लड़की के लापता हुए पांच दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली रहने से आक्रोशित परिजनों के साथ विभिन्न हिंदू संगठनों ने मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप था कि पुलिस पिछले कई दिनों से सिर्फ आश्वासन देकर गुमराह कर रही है, जबकि कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
कई हिंदू संगठन हुए शामिल-
धरने-प्रदर्शन में शिवसेना, हिंदू युवा वाहिनी, यूबीटी क्रांति सेना, हिंदू रक्षा दल, बजरंग दल सहित कई हिंदू संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। शिवसेना जिलाध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा के नेतृत्व में संगठनों ने प्रशासन से तत्काल युवती की सकुशल बरामदगी की मांग की।
एसपी देहात के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना-
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात (SP Rural) आदित्य बंसल स्वयं मौके पर पहुंचे और परिजनों तथा प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि युवती को शीघ्र ही सकुशल बरामद कर लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी देहात के इस आश्वासन के बाद संगठनों ने धरना समाप्त कर दिया। हालांकि, प्रहलाद आहूजा (हिंदू युवा वाहिनी) और अंकुर राणा ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। धरने के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।










Discussion about this post