नूंह। नूंह जिले के पिनगवां थाना क्षेत्र के कस्बे पिनगवां में एक बार फिर दहेज के कारण दो बच्चों की मां की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका सारिका, जो बुढाना जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश की निवासी थी, की शादी करीब चार वर्ष पूर्व मुस्लिम रीति-रिवाज अनुसार चांद उर्फ शोएब पुत्र नबाब से हुई थी, जो बागपत, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में पिनगवां में रहता है। मृतका सारिका के परिजनों ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के परिजन यामिन, पुत्र हमीद, निवासी बडोक, थाना बुढाना, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश ने पिनगवां थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी भतीजी सारिका की शादी लगभग चार वर्ष पहले मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार चांद उर्फ शोएब, पुत्र नबाब, निवासी दाहा, तहसील बडोत, जिला बागपत, उत्तर प्रदेश (हाल पता: पिनगवां, नूंह) के साथ हुई थी। शादी में उन्होंने अपनी हैसियत से अधिक दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग इससे संतुष्ट नहीं थे। शादी के बाद से ही चांद उर्फ शोएब, उसकी मां वरीसा और नबाब, पुत्र मीद, सारिका को कम दहेज लाने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। परिजनों के मुताबिक, सारिका के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी और उसे जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं।
परिजनों ने कई बार बिरादरी के माध्यम से समझाइश की कोशिश की, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। 20 अगस्त 2025 की रात करीब 3 बजे परिजनों को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि सारिका की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंचने पर उन्हें सारिका मृत अवस्था में जीएच माण्डी खेड़ा अस्पताल में मिली।
पिनगवां थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर चांद उर्फ शोएब, वरीसा और नबाब के खिलाफ हत्या और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि किन परिस्थितियों में यह घटना हुई और क्या अन्य लोग भी इसमें शामिल थे।
सारिका के परिजनों ने पुलिस से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उनकी बेटी को दहेज की लालच में बेरहमी से मारा गया और दो छोटे बच्चों को अनाथ कर दिया गया।










Discussion about this post