मुजफ्फरनगर। नोएडा के इंडोर स्टेडियम में 16 नवंबर को आयोजित 9वें रॉयल चैलेंजर कप 2025 में ऑल इंडिया ट्रेडिशनल शोटो काई कराटे चैंपियनशिप का शानदार आयोजन हुआ। इसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने दमदार प्रदर्शन किया। इसी प्रतियोगिता में जनपद मुज़फ्फरनगर के गांव संधावली निवासी हुज्जत अब्बास ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया।
आज मीडिया सेंटर में अपने परिवार के साथ पहुंचे हुज्जत अब्बास ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि वे एस.डी. पब्लिक स्कूल में कक्षा 6 के छात्र हैं और कराटे की ट्रेनिंग नीरज कराटे क्लास से प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कराटे खेलने की प्रेरणा उन्हें अपने चाचा से मिली है।
हुज्जत अब्बास ने आगे बताया कि आने वाले वर्ष जनवरी में होने वाली नेशनल कराटे चैंपियनशिप में वे हिस्सा लेंगे। इसके अलावा, अगले वर्ष दिसंबर में श्रीलंका में आयोजित होने वाली इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में भी भाग लेने की तैयारी शुरू कर दी है। उनका सपना है कि कड़ी मेहनत कर ब्लैक बेल्ट हासिल करें।
अपनी उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता व कोच नीरज को दिया।
हुज्जत के पिता जमाल अब्बास और माता सबा ज़ैदी ने बताया कि उनका बेटा बचपन से ही बेहद होनहार है। उन्होंने बताया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी बेटे को पूरा सहयोग देते रहते हैं। प्रेसवार्ता में हुज्जत के साथ उनके पिता, माता और मामा शाद ज़ैदी भी मौजूद रहे।
यह उपलब्धि न केवल परिवार बल्कि पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है।










Discussion about this post