मुज़फ्फरनगर। शहर की ईदगाह में पुलिस सुरक्षा के बीच ईद-उल-फितर की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। आज पूरे देश में यह पवित्र त्यौहार बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बुढाना में सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने नमाज पढ़कर लौट रहे नमाजियों को गुलाब का फूल भेंट कर ईद की मुबारकबाद दी। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर में भी ईद-उल-फितर का त्योहार उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। 29 रोजों के बाद, ईदगाह में मुस्लिम समाज के अकीदतमंदों ने नमाज अदा की और मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली के लिए अल्लाह से दुआ मांगी। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी करते हुए ईद की नमाज को सकुशल संपन्न कराया।
ईद की शांतिपूर्ण नमाज संपन्न होने के बाद सेकुलर फ्रंट के अध्यक्ष गौहर सिद्दीकी के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के गणमान्य लोगों ने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, एसएसपी अभिषेक सिंह, एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह और एडीएम राजस्व गजेंद्र सिंह को फूलों का बुके और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, उन्हें अभिनंदन पत्र भी सौंपा गया।
एसएसपी अभिषेक सिंह ने जानकारी दी कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिले को 8 जोन और 21 सेक्टर में विभाजित किया गया था। उन्होंने बताया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं और सरकारी गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन किया गया। खासतौर पर यह सुनिश्चित किया गया कि सड़कों पर नमाज न पढ़ी जाए और पूरी नमाज प्रशासनिक नियमों के अनुसार संपन्न हो।
शहर काजी तनवीर आलम ने बताया कि सरकारी गाइडलाइंस के अनुरूप ईदगाह में शांतिपूर्ण तरीके से ईद की नमाज अदा की गई। पूरे जनपद में अमन-चैन का माहौल रहा और कहीं भी कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
ईदगाह में मुफ्ती अब्दुल्लाह ने ईद-उल-फितर की नमाज अदा कराई। वहीं, मुफ्ती जुल्फिकार अली ने मीडिया से बातचीत में जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा, “प्रशासन ने नमाज अदा करने के लिए बेहतरीन व्यवस्था की थी। सुरक्षा भी पुख्ता थी, जिससे सभी लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा की। बेहतर इंतजामों के लिए ही डीएम, एसपी और अन्य अधिकारियों को सम्मानित किया गया।”










Discussion about this post