मेरठ। सरूरपुर क्षेत्र स्थित भूनी टोल प्लाजा के मामले में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धर्म सिंह एंड कंपनी का ठेका रद्द कर दिया है। साथ ही कंपनी पर 20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। इस कार्रवाई के बावजूद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा कम नहीं हुआ है और मामला लगातार हाथ से निकलता जा रहा है।
गांव गोटका निवासी सेना के जवान कपिल के साथ टोल कर्मियों द्वारा मारपीट की घटना ने पूरे क्षेत्र को आंदोलित कर दिया है। सोमवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की और टोल को फ्री करा दिया था। पूर्व विधायक संगीत सोम भी इस प्रकरण में धरने पर बैठे थे। मंगलवार को भी पूरे दिन टोल फ्री रहा और सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
एनएचएआई ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ठेका निरस्त करने के साथ कंपनी पर 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। टोल बंद रहने से स्थानीय लोगों को राहत तो मिली, लेकिन टोल कर्मियों में भय का माहौल बना हुआ है।
इधर, घायल जवान कपिल से मिलने के लिए नेताओं और पूर्व सैनिकों का जमावड़ा लगातार उसके घर पर लगा रहा। रालोद के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ ने मांग की है कि कंपनी पर लगाए गए 20 लाख रुपये का जुर्माना पीड़ित परिवार को दिया जाए। इस संबंध में वे केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी को पत्र भी भेजेंगे।ग्रामीणों का कहना है कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती और जवान के परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।











Discussion about this post