लखनऊ। अब्बास अंसारी की सदस्यता रद्द किए जाने को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जानबूझकर उनकी सदस्यता रद्द की है। सरकार में बैठे लोग हमारे खिलाफ तरह-तरह की बातें करते रहते हैं। उनकी सदस्यता रद्द नहीं की गई है। सिर्फ समाजवादी नेताओं की सदस्यता रद्द की जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसा लगता है कि जाति के आधार पर फैसले हो रहे हैं। कुछ जजों को इसीलिए नियुक्त किया जा रहा है। अखिलेश यादव शुक्रवार को लखनऊ में सपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। बता दें कि हेट स्पीच केस में सजा के एलान के बाद यूपी के मऊ से सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी की विधायकी खत्म हो गई है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उनकी सीट को रिक्त घोषित कर दिया है। इसके लिए रविवार को छुट्टी के दिन सचिवालय खोला गया था। चुनाव आयोग को इसकी सूचना भेज दी गई थी। अब इस विधानसभा सीट के उपचुनाव पर सबकी नजर है।
अखिलेश यादव ने कहा कि हम पंचायत चुनाव के लिए तैयार हैं। इन चुनाव में और 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग इन चुनाव में जीत के लिए गड़बड़ी कर सकते हैं। ऐसे में इन लोगों पर नजर रखने की जरूरत है।










Discussion about this post