शामली। झिंझाना क्षेत्र के दरगाहपुर गांव में सोमवार को पड़ोसी के पिटबुल कुत्ते ने घर के बाहर खेल रहे 11 साल के बच्चे पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के पैर को बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने बच्चे को तुरंत झिंझाना सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के बाद बच्चे को छुट्टी दे दी गई है।
गांव निवासी देवा (11 वर्ष) अपने घर के बाहर खेल रहा था। तभी पड़ोसी का पिटबुल कुत्ता अचानक बाहर निकल आया और बच्चे पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उसके पैर में गहरे घाव कर दिए। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह उसे कुत्ते से छुड़ाया। चिकित्सकों ने बताया कि बालक के पैर पर करीब पांच इंच लंबे और दो इंच गहरे निशान बने हैं।
बताया जा रहा है कि इन दिनों जिले में न केवल आवारा कुत्ते बल्कि अवैध रूप से घरों में पाले जा रहे खतरनाक पिटबुल जैसे प्रतिबंधित नस्ल के कुत्ते लोगों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। जिला अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार, प्रतिदिन 100 से अधिक लोग कुत्तों के काटने से घायल होकर इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। जिलेभर की सीएचसी और जिला अस्पताल में करीब 150 लोगों को रोजाना रेबीज के इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पिटबुल जैसे खतरनाक कुत्तों को घरों में पालने पर कड़ी रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।











Discussion about this post