मुज़फ्फरनगर। बुढ़ाना तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी उमेश मिश्र एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 20 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के लिए अधिकारियों ने संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष सत्यापन कर निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने समाधान दिवस में उपस्थित लोगों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने अफवाहों से बचने और किसी भी सूचना की पुष्टि पुलिस या प्रशासन से करने की अपील भी की।
गांव बिटावदा के ग्रामीणों ने शिकायत की कि चकबंदी प्रक्रिया के बाद अप्रैल माह में धारा 52 के प्रकाशन का आदेश हो गया था, लेकिन अब तक उन्हें जमीन की फरद नहीं मिली। ग्रामीण कुलदीप सहरावत ने बताया कि इस कारण उनके कई कार्य रुके हुए हैं। अधिकारियों ने विभागीय अधिकारियों को शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर एसपी देहात आदित्य बंसल, एसडीएम अपूर्वा यादव, सीओ गजेन्द्रपाल सिंह समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।










Discussion about this post