मुजफ्फरनगर। कोतवाली नगर क्षेत्र में 2 नवंबर 2025 को ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर हुए हमले के मुख्य आरोपी प्रवीण लोनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिसकर्मी की पिटाई सड़क पर गलत दिशा में वाहन चलाने का विरोध करने पर की गई थी। पुलिस बल पर कथित रूप से हमला करने वाले इस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है।
घटना और त्वरित कार्रवाई-
एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 नवंबर की शाम आयोजित एक जुलूस के दौरान यातायात पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी कर रहे थे।
उसी समय कुछ व्यक्तियों ने रॉन्ग साइड से वाहन निकालने का प्रयास किया। जब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने उन्हें रोका और सही दिशा में चलने की सलाह दी, तो उन लोगों ने पुलिसकर्मी से अभद्रता की और उसके साथ मारपीट भी की।
घटना के उपरांत थाना कोतवाली नगर में अभियुक्तों के विरुद्ध कठोर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी-
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने तत्काल दो विशेष टीमों का गठन किया था। पूर्व में पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी।
मुख्य आरोपी प्रवीण लोनी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना स्थान बदल रहा था।
शुक्रवार को यातायात विभाग की टीम ने कोतवाली नगर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर मुख्य आरोपी प्रवीण लोनी को भी दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को वैज्ञानिक तरीकों से की गई खोजबीन के बाद पकड़ा जा सका।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून व्यवस्था तोड़ने और सरकारी कर्मियों पर हमला करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।










Discussion about this post