इटावा। उत्तर प्रदेश के सैफई तहसील परिसर में सोमवार को एक बड़ा राजनीतिक विवाद सामने आया। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मंडल अध्यक्ष अश्नीत यादव के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित मंडल अध्यक्ष ने अपने जिलाध्यक्ष के साथ जिलाधिकारी (डीएम) से मुलाकात कर शिवपाल सिंह यादव और उनके सहयोगियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है भाजपा नेता का आरोप?
पीड़ित भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्नीत यादव ने बताया कि उनका एक जमीन विवाद चल रहा है, जिसके संबंध में तहसीलदार ने उन्हें सोमवार को सैफई तहसील बुलाया था।
अश्नीत यादव के अनुसार, जब वह तहसील पहुँचे, तो वहाँ शिवपाल सिंह यादव, अरविंद यादव, किशन यादव सहित अन्य लोग पहले से मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया-
“शिवपाल सिंह यादव ने मुझे पकड़कर मारना-पीटना शुरू कर दिया और कहा कि सैफई में तू बीजेपी लेकर घूम रहा है, आज तेरी बीजेपी खत्म कर दूंगा।”
अश्नीत यादव ने बताया कि शिवपाल यादव ने खुद मारने के बाद अपने गनर और पीआरओ से भी उन्हें पिटवाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिवपाल यादव ने अपने पैर छुआकर उन्हें छोड़ा, जिसके बाद वह किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर बाहर आए।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने की डीएम से शिकायत-
घटना के बाद पीड़ित अश्नीत यादव अपने जिलाध्यक्ष अरुण उर्फ अन्नू गुप्ता के साथ सीधे जिलाधिकारी कार्यालय पहुँचे और शिवपाल यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने पुष्टि की कि उनके मंडल अध्यक्ष के साथ तहसील परिसर में मारपीट हुई है और जिलाधिकारी ने जांच के बाद कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
देर शाम, एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्वत ने बताया कि शिकायत की तहरीर मिली है और पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करेगी।











Discussion about this post