नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम शुभमन गिल की कप्तानी में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की टेस्ट सीरीज में भाग लेने इंग्लैंड पहुंच चुकी है। विराट कोहली और रोहित शर्मा के बगैर टीम इंडिया इंग्लैंड दौरे पर पहुंची है। ऐसे में टीम को ओपनर और नंबर चार पर बल्लेबाजी करने के लिए उपयुक्त खिलाड़ी की तलाश है। नए कप्तान, नए खिलाड़ियों और नए बैटिंग ऑर्डर के साथ युवाओं से सजी भारतीय टीम अंग्रेंजो से उसके घर पर लोहा लेने को तैयार है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज रिकी पॉन्टिंग ने गिल को टीम इंडिया का कप्तान बनाए जाने और उनके बैटिंग ऑर्डर को लेकर अपनी राय रखी है।
रिकी पॉन्टिंग ने शुभमन गिल को भारतीय टेस्ट टीम का नया कप्तान बनाए जाने के बीसीसीआई के निर्णय को सही करार दिया है। कई क्रिकेट पंडितों का मानना था कि बुमराह को कप्तान बनाया जाना चाहिए था। लेकिन पंटर गिल के हाथ में टेस्ट टीम की कमान सौंपने के निर्णय के साथ हैं। उन्हें लंबे समय तक ये जिम्मेदारी दी जानी चाहिए।
पॉन्टिंग ने आईसीसी के रिव्यू प्रोग्राम में कहा है कि मुझे लगता है कि गिल को टेस्ट कप्तान बनाने का निर्णय एकदम सही है। पॉन्टिंग ने कहा चोटिल होने की प्रवृत्ति ने बुमराह को टेस्ट कप्तान नहीं बनने दिया। आप ऐसा कप्तान नहीं चाहते हैं जो टीम से अंदर बाहर होता रहे।
इसी कार्यक्रम के दौरान पॉन्टिंग ने गिल के बैटिंग ऑर्डर को लेकर भी अपनी बात रखी और कहा, गिल को नंबर चार पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। गिल टेस्ट क्रिकेट में अबतक खेले 32 टेस्ट मैच में बतौर ओपनर या नंबर तीन पर खेलते आए हैं। चौथा पायदान भारतीय टीम के लिए बेहद अहम है क्योंकि इसकी जिम्मेदारी सचिन तेंदुलकर के बाद विराट कोहली ने संभाला और अब ये जगह भरी जानी है।
पॉन्टिंग का मानना है कि भारत के लिए इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज में ओपनिंग करने यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन की जोड़ी उतरे। सुदर्शन को शानदार खिलाड़ी बताते हुए पॉन्टिंग ने कहा कि वो तकनीकी रूप से सुदृढ़ हैं और टेस्ट क्रिकेट में अच्छा कर सकते हैं।
ये होंगे टीम इंडिया के टॉप-5 बल्लेबाज
पॉन्टिंग के मुताबिक भारतीय टीम के टॉप-5 बल्लेबाज साई सुदर्शन, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल और करुण नायर होंगे।
पॉन्टिंग का मानना है पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले अर्शदीप सिंह को इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। अर्शदीप के पास काउंटी क्रिकेट में खेलने का अनुभव है और ड्यूक बॉल से गेंदबाजी कर चुका है। वो बांए हाथ के गेंदबाज हैं जो टीम के लिए अहम साबित हो सकते हैं। जिसकी जरूरत टीम इंडिया को प्लेइंग-11 में है। पॉन्टिंग ने कहा, अगर उन्होंने मौका नहीं मिलता है तो मुझे आश्चर्य होगा।











Discussion about this post