नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली की गलियों में दीपावली का रंग और खुशबू दोनों ही कुछ अलग होती हैं — और इस बार, उस माहौल में दिखे कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी। दीपावली के अवसर पर राहुल गांधी सोमवार को पहुंचे ऐतिहासिक घंटेवाला मिठाई की दुकान, जहां उन्होंने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और खुद स्वादिष्ट इमरती और बेसन के लड्डू बनाते भी नजर आए।
दुकान के मालिक सुशांत जैन राहुल गांधी को देखकर बेहद खुश हुए। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा — “हमने आपकी दादी, पिता और परिवार के सदस्यों की सेवा की थी, अब बस आपकी शादी का इंतजार है ताकि हम आपकी शादी की मिठाई का ऑर्डर ले सकें। इस बात पर राहुल गांधी भी ठहाका लगाते हुए मुस्कुरा उठे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी ने इस मुलाकात का वीडियो साझा करते हुए लिखा — “दीपावली की असली मिठास केवल ‘थाली’ में नहीं, बल्कि रिश्तों और समुदाय में भी है।” उन्होंने आगे कहा कि पुरानी दिल्ली की इस प्रतिष्ठित दुकान की मिठास सदियों बाद भी वही है — शुद्ध, पारंपरिक और दिल को छू लेने वाली।
वीडियो में राहुल गांधी लोगों से यह भी कहते हुए दिखे — “हमें बताएं, आप अपनी दीपावली कैसे मना रहे हैं और इसे विशेष कैसे बना रहे हैं?”
दुकान के मालिक के साथ उनकी यह बातचीत न सिर्फ सादगी से भरी थी, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गई है।
और सच कहा जाए तो इस दीपावली, राहुल गांधी ने बस मिठाई ही नहीं बनाई — उन्होंने रिश्तों की मिठास भी बढ़ा दी।











Discussion about this post