बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर में एक रेलवे अधिकारी को हनी ट्रैप के मामले में फंसाने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। इस दौरान दो युवतियों ने रेलवे अधिकारी को मिलने के बहाने बुलाया। इसके बाद अधिकारी को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। साथ ही उसके आपत्तिजनक अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर 10 लाख रुपए की डिमांड कर डाली। जब आरोपियों को पैसे नहीं मिले, तो उन्होंने रेलवे अधिकारी के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो वायरल कर अधिकारी की पत्नी को भेज दिया। इस मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। इधर, पुलिस ने तत्काल दोनों आरोपी युवतियों को भी हिरासत में ले लिया है।
बाड़मेर में हैरान कर देने वाला यह मामला एक रेलवे अधिकारी के साथ हुआ। इसको लेकर पीड़ित ने बाड़मेर के सदर पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। उसने बताया कि 2 महीने पहले टिकट रिजर्वेशन को लेकर एक युवती ने उनसे संपर्क किया। इसके बाद वह बहाने से उनसे लगातार फोन पर बातचीत करने लगी। इस बीच युवती ने अपनी एक अन्य सहेली का नंबर भी रेलवे अधिकारी को देकर अपने जाल में फंसाया। उसने कहा कि उसकी सहेली उनसे बात करना चाहती है। इस दौरान पीड़ित ने सहेली के फोन नंबर पर बात की। उस युवती ने पीड़ित को शहर के चामुंडा चैराहे पर मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद वह युवती पीड़ित को किराए के मकान पर ले गई।
इस दौरान युवती पीड़ित अधिकारी को किराए के मकान पर ले गई, जहां दो युवक पहले से मौजूद थे। उन्होंने पीड़ित को कमरे में बंद किया और उसके कपड़े उतरवा कर मारपीट की। इसके बाद अधिकारी के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बना लिए और साथ में धमकी दी कि 10 लाख रुपए नहीं मिले, तो फोटो वीडियो वायरल कर दी जाएंगे। इस पर जब आरोपियों को अधिकारी से पैसे नहीं मिले, तो उन्होंने पीड़ित को हाईवे पर छोड़ दिया और उसकी पत्नी को फोटो और वीडियो भेज दी। इधर, पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद त्वरित कार्यवाही करते हुए बुधवार को दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। जबकि शेष दो युवकों की तलाश जारी है।











Discussion about this post