मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मीडिया से बातचीत के दौरान कई बड़े और बेबाक बयान दिए।
मुर्शिदाबाद मस्जिद विवाद पर भाजपा को घेरा-
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद के नाम पर हो रहे कथित निर्माण विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए राकेश टिकैत ने सीधे तौर पर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि इस मस्जिद को बनवाने में भाजपा की बड़ी भूमिका है और निर्माण में “70 प्रतिशत योगदान भाजपा का ही है।”
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के इस संबंध में दिए गए बयान पर टिकैत ने कहा, “इसका जवाब मसूद ने खुद दे दिया है। वह सांसद हैं और मुस्लिम भी हैं, इसलिए उन्होंने जो कहा है, उसी पर काम कर लेना चाहिए।”
घुसपैठियों के सत्यापन अभियान का समर्थन-
यूपी में चल रहे घुसपैठियों के सत्यापन अभियान पर टिकैत ने अपनी राय रखते हुए इसका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि घुसपैठी कहीं के भी हों, उन्हें यहां नहीं रहना चाहिए। ऐसे लोगों को चिन्हित कर प्रदेश से बाहर किया जाना चाहिए।
SIR प्रक्रिया की समय सीमा बढ़ाने की मांग-
एसआईआर (मतदाता सूची पुनरीक्षण) प्रक्रिया का समर्थन करते हुए टिकैत ने कहा कि इसकी समय सीमा बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने सभी लोगों से अपने दस्तावेज़ तैयार रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी की दो जगह वोट है, तो उसे एक जगह करवा लेना चाहिए, वरना बाद में परेशानी होगी। टिकैत ने उदाहरण देते हुए बताया कि उनके घर में भी पहले सिसौली और मुजफ्फरनगर में दो जगह वोट थे, लेकिन उन्होंने स्वयं इसे एक स्थान पर करवा लिया है।
‘वंदे मातरम्’ पर राजनीति को बताया निरर्थक-
‘वंदे मातरम्’ विवाद पर टिकैत ने स्पष्ट कहा कि यह किसी पार्टी का मुद्दा नहीं, बल्कि देश का विषय है। उन्होंने इसे लेकर हो रहे विवाद को पूरी तरह से निरर्थक बताया।
मस्जिद निर्माण विवाद पर अपने बयान को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि बनाने वाले भी सरकारी हैं और विरोध करने वाले भी सरकार से जुड़े हैं, यह सब राजनीतिक फायदे के लिए हो रहा है।










Discussion about this post