लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव क्षेत्र में शुक्रवार रात एक महिला एसडीएम (SDM) के घर लाखों रुपए की चोरी हो गई। चोरों ने घर में रखे नकदी और गहनों पर हाथ साफ किया। चोरी की इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें चोर गमछे से मुंह बांधकर बाउंड्री फांदते हुए दिखाई दे रहे हैं। शातिर चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए घर के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) भी अपने साथ ले लिया।
फतेहपुर सदर में तैनात एसडीएम अनामिका श्रीवास्तव ने इस संबंध में मड़ियांव थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
चोरी का तरीका और सीसीटीवी फुटेज-
अनामिका श्रीवास्तव का घर मड़ियांव स्थित साईं सिटी कॉलोनी में है। घटना 24 अक्टूबर की रात लगभग 3 बजे की है।
बाउंड्री फांदकर प्रवेश: गली में लगे सीसीटीवी फुटेज में सिर्फ एक चोर दिखाई दिया। वह सफेद रंग के गमछे से मुंह बांधे था। पहली बार में नाकाम रहने के बाद, चोर घर के दूसरे छोर पर बनी बाउंड्री फांदकर घर के अंदर दाखिल होने में कामयाब हो गया।
डीवीआर चोरी: मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि घर के अंदर भी सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन चोरों ने घर के सामान के साथ उनका डीवीआर भी पार कर दिया। इसी वजह से उनकी अंदर की हरकत की फुटेज नहीं मिल पाई।
घर में कोई मौजूद नहीं था-
घटना वाली रात घर में कोई मौजूद नहीं था, क्योंकि एसडीएम अनामिका श्रीवास्तव फतेहपुर सदर तहसील में तैनात हैं और वह अक्सर घर से आती-जाती रहती हैं। अगले दिन जब घर के लोग पहुंचे, तो उन्होंने गेट का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया। अंदर के दरवाजों और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। काफी मात्रा में नकदी और सामान चोरी होने की पुष्टि हुई।
एसडीएम की शिकायत के बाद मड़ियांव पुलिस टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे, लेकिन डॉग घर के बगल वाली गली तक जाकर रुक गया। पुलिस अब सीसीटीवी में कैद चोर की पहचान के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।










Discussion about this post