मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध नौचंदी मेले में भाग लेने आई रूस की महिला कलाकार के साथ गढ़ रोड स्थित एक प्रतिष्ठित होटल में अभद्रता का मामला सामने आया है। महिला कलाकार ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी असुरक्षा जाहिर करते हुए होटल बदलने की मांग की थी, जिसके बाद आयोजकों ने उसे तुरंत दूसरे होटल में शिफ्ट कर दिया।
रूस की यह कलाकार मछली के रूप में एक विशेष शो के लिए मेरठ के नौचंदी मेले में प्रदर्शन करने आई हैं। मंगलवार रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद आयोजकों ने उन्हें होटल छोड़ा, जो गढ़ रोड पर स्थित एक नामी होटल था।
महिला कलाकार ने बताया कि होटल पहुंचने पर मुख्य गेट बंद मिला और वह काफी देर तक इंतजार करती रही। बाद में वह साइड दरवाजे से होटल में दाखिल हुईं, जहां रिसेप्शन एरिया अंधेरे में डूबा हुआ था। वहां एक युवक आपत्तिजनक स्थिति में सोफे पर लेटा हुआ मिला, जिसे देखकर वह डर गईं।
घटना से घबराई रूसी युवती ने मौके का वीडियो बनाकर आयोजकों को भेजा और सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर खुद को असुरक्षित बताया। इसके बाद आयोजकों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कलाकार का होटल बदलवाया और होटल मैनेजमेंट से भी शिकायत की।
आयोजकों ने इस पूरे मामले को शर्मनाक बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने होटल प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा है। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि पुलिस के पास कोई आधिकारिक शिकायत नहीं आई है, लेकिन अगर शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
महिला कलाकार द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।











Discussion about this post