मुज़फ्फरनगर। रेलवे विभाग द्वारा साकेत बसंत विहार से रेलवे माल रोड कट बंद करने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में रोष फैल गया। जब रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे तो कॉलोनीवासियों ने विरोध करते हुए अनुरोध किया कि इस महत्वपूर्ण मार्ग को वैकल्पिक रूप से खुला रखा जाए।
यह सड़क साकेत बसंत विहार को जय फाटक होते हुए अंसारी रोड, थाना सिविल लाइन, पुलिस लाइन और अन्य प्रमुख मार्गों से जोड़ती है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह मार्ग जाम से पूरी तरह मुक्त रहता है, जिससे लोगों को समय और ईंधन दोनों की बचत होती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र की “लाइफलाइन” बन चुकी है। यदि इसे पूरी तरह बंद कर दिया गया, तो साकेत का मुख्य मार्ग ट्रैफिक के दबाव को सहन नहीं कर पाएगा, जिससे भारी जाम की स्थिति पैदा हो सकती है।
इसके साथ ही लोगों ने यह भी बताया कि फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस जैसी इमरजेंसी सेवाओं के लिए भी यही रास्ता सबसे तेज़ और सुगम है। उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि सड़क से 200 मीटर आगे का हिस्सा अभी भी खुला हुआ है, और श्रद्धालु इसी मार्ग से जय फाटक के पास स्थित मंदिर तक पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
लोगों ने रेलवे विभाग से अपील की है कि इस रास्ते को बंद करने से पहले स्थानीय ज़रूरतों और वैकल्पिक समाधान पर गंभीरता से विचार किया जाए।










Discussion about this post