शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में समाजवादी पार्टी की यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने इस बात पर गहरा रोष व्यक्त किया है कि कैराना से सपा सांसद इकरा हसन के साथ सहारनपुर के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) संतोष बहादुर द्वारा कथित अभद्र व्यवहार के मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर एडीएम पर विभागीय कार्रवाई नहीं की गई तो वे सड़क से लेकर सदन तक जमकर हंगामा करेंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और सरकार की होगी।
उत्तर प्रदेश की कैराना लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन के साथ सहारनपुर के एडीएम द्वारा कथित तौर पर किए गए अभद्र व्यवहार को लेकर समाजवादी पार्टी में खासा उबाल है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर प्रतिक्रिया दी थी। इस बीच शामली में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
समाजवादी पार्टी के नेता शेर सिंह राणा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में तानाशाही रवैया आम जनता के साथ ही नौकरशाही का रवैया भी अनुचित है। सांसद के साथ जिस प्रकार का व्यवहार सहारनपुर के एडीएम ने किया, वह दर्शाता है कि प्रदेश में प्रशासनिक तंत्र किस प्रकार से चलता है। उन्होंने कहा कि सांसद का कक्ष जनता का प्रतिनिधि कक्ष है, लेकिन उस कक्ष में ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है।
राणा ने बताया कि इससे पहले भी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा मामले में कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने उपेक्षा जारी रखी तो भविष्य में सड़क से लेकर विधानसभा तक हंगामा किया जाएगा, और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।











Discussion about this post