मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कस्बे में लंबे समय से सट्टे का अवैध कारोबार कर काली कमाई कर रहे कुख्यात प्रदीप कुमार के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत प्रदीप की 6.60 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर सरकारी बोर्ड लगा दिए गए हैं। कार्रवाई के दौरान चार मकान, एक ओयो होटल, छह बीघा जमीन और एक दुकान जब्त की गई।
जानकारी के अनुसार प्रदीप कुमार पुत्र रतनलाल निवासी ग्राम विज्ञाना थाना बुढाना, पर जुआ, सट्टा, गुण्डा अधिनियम और गैंगस्टर अधिनियम सहित कुल 15 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना शाहपुर का गैंगस्टर अपराधी घोषित है और अवैध गतिविधियों के जरिए करोड़ों की संपत्ति खड़ी कर चुका है।
एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेन्द्र पाल सिंह, तहसीलदार बुढाना महेन्द्र यादव और थानाध्यक्ष शाहपुर मोहित चौधरी के नेतृत्व में थाना शाहपुर पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने दिन में ढाई बजे से शुरू हुई कार्रवाई को रात साढ़े नौ बजे तक जारी रखा।
कुर्क की गई संपत्तियों का ब्यौरा
ग्राम सठेड़ी में 252.70 वर्गमीटर क्षेत्रफल का प्लॉट, जिस पर एक मंजिला ओयो होटल निर्मित।
मोहल्ला पछाला कस्बा बुढाना में 77.39 वर्गमीटर क्षेत्रफल पर दो मंजिला मकान।
मोहल्ला पछाला पश्चिमी बुढाना में 62.60 वर्गमीटर क्षेत्रफल पर तीन मंजिला मकान।
मोहल्ला पछाला पूर्वी बुढाना में 63.72 वर्गमीटर क्षेत्रफल पर एक मंजिला मकान व आटा चक्की।
ग्राम विज्ञाना में 221.33 वर्गमीटर क्षेत्रफल पर दो मंजिला मकान।
बड़ौत तिराहा कस्बा बुढाना में 9.15 वर्गमीटर का व्यावसायिक प्लॉट, जिस पर दो मंजिला दुकान।
ग्राम विज्ञाना स्थित 0.4098 हेक्टेयर कृषि भूमि।
इन संपत्तियों की कुल कीमत करीब 6.60 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रदीप कुमार और उसके गिरोह के आधा दर्जन से अधिक सदस्यों पर पहले भी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। फिलहाल प्रदीप जमानत पर है, लेकिन उसकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति को अब प्रशासन ने सील कर लिया है। यह कार्रवाई क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ की जा रही सख्ती का हिस्सा मानी जा रही है।










Discussion about this post