मुज़फ्फरनगर। शहर के नगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रुड़की चुंगी क्षेत्र में कूड़े के ढेर में नवजात भ्रूण का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों की नजर जब कूड़े के पास पड़ी संदिग्ध चीज़ पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर नगर कोतवाली पुलिस और गौ सेवक निशु धीमान पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए नवजात भ्रूण को उठाकर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने भ्रूण को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में राहगीरों और स्थानीय निवासियों की भीड़ जमा हो गई। लोग इस अमानवीय कृत्य पर हैरानी और आक्रोश प्रकट करते नजर आए।
नगर कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवजात भ्रूण को वहां किसने और क्यों फेंका।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर कोई सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दुखद घटना ने शहर में संवेदनशीलता और समाज में जागरूकता की आवश्यकता को फिर एक बार सामने ला दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि दोषी का पता लगाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










Discussion about this post