मुज़फ्फरनगर। थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के रुकनपुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक बाग में काम करने वाले चौकीदार गोपाल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पानी की टंकी में पड़ा मिला।सूचना मिलने पर थाना नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक गोपाल दिन में बिजली का काम करता था और रात के समय बाग में सिंचाई, गुड़ाई और रखवाली करता था। बीती रात वह अपने घर से धान के खेत में पानी चलाने के लिए निकला था, लेकिन सुबह उसका शव खेत की पानी की होजी में सिर के बल पड़ा मिला।
स्थानीय लोगों और परिजनों का मानना है कि यह सिर्फ हादसा नहीं, बल्कि हत्या हो सकती है। शव की स्थिति और सिर पर चोट के निशान इस ओर इशारा कर रहे हैं कि गोपाल को मारकर जानबूझकर पानी में फेंका गया।
मौके पर पहुंचे वार्ड 12 के जिला पंचायत सदस्य अमरकांत ने बताया कि गोपाल लंबे समय से इसी बाग में रखवाली का कार्य कर रहा था। उन्होंने बताया कि शव रात करीब 10-11 बजे से पानी की होजी में पड़ा रहा, जिससे शरीर अकड़ चुका था।
मृतक के पुत्र अरविंद ने कहा कि उनके पिता लगभग 20 वर्षों से इस बाग में काम कर रहे थे। अरविंद का कहना है कि मामला संदिग्ध है और यह किसी की साजिश का नतीजा हो सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और कहा है कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।










Discussion about this post