शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में रेलवे सुरक्षा को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली से शामली आने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 64021 में तैनात गार्ड का नशे की हालत में पड़ा हुआ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में गार्ड ट्रेन के फर्श पर बेसुध अवस्था में लेटा हुआ नजर आ रहा है और उसके सामने शराब की बोतल जैसी एक चीज भी दिखाई दे रही है।
यह वीडियो ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों द्वारा अलावलपुर इदरीशपुर रेलवे स्टेशन पर बनाया गया, जहां गार्ड की हालत देख यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामा खड़ा कर दिया। बताया जा रहा है कि जब कुछ यात्रियों ने गार्ड से उसकी हालत के बारे में पूछा तो वह ठीक से बोल भी नहीं पाया और उसकी जुबान लड़खड़ा रही थी। इसी दौरान सिग्नल क्लियर होने के बावजूद ट्रेन को आगे नहीं बढ़ाया गया, जिससे ट्रेन वहीं रुकी रही।
स्थिति की जानकारी मिलने पर रेलवे अधिकारियों ने तत्काल एक्शन लेते हुए ट्रेन को बड़ौत स्टेशन तक लाया, जहां गार्ड को हटाकर एक अन्य रेलवे कर्मचारी को गार्ड की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद ट्रेन को शामली तक लाया गया।
शामली रेलवे स्टेशन पहुंचने पर गार्ड का नाम सुभाष चंद बताया गया, जिनका मेडिकल परीक्षण वहीं स्थित रेलवे अस्पताल में कराया गया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, गार्ड के ब्लड और अन्य सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि स्पष्ट हो सके कि वह नशे में था या उसकी तबीयत खराब थी।
इस पूरे मामले में आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई और ट्रेन की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद यह तय होगा कि गार्ड सुभाष चंद पर क्या अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे में तैनात गार्ड की यह लापरवाही सिर्फ नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि सैकड़ों यात्रियों की जान को खतरे में डालने वाला कृत्य है। यदि यह आरोप सही साबित होता है तो रेलवे प्रशासन को इस मामले में कठोर कदम उठाने होंगे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। यात्रियों ने भी रेलवे से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।











Discussion about this post