मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के नसीरपुर गांव में ग्राम प्रधान धर्मेंद्र और उसके परिवार पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने और शीशम के पेड़ काटने का आरोप लगा है। इसी गांव के अर्जुन नाम के व्यक्ति ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर की थी, जिसके बाद उस पर जानलेवा हमला किया गया।
ग्राम प्रधान के परिजनों द्वारा कथित रूप से अर्जुन और उनके परिवार की बेरहमी से पिटाई की गई। हमले में अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गए और पांच दिन बाद उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराना पड़ा, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वे अभी भी भय और दबाव में जी रहे हैं तथा उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता है।
पीड़ितों ने आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के पदाधिकारियों से मिलकर न्याय की गुहार लगाई और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय वर्मा से मुलाकात की। एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से संबंधित थाना को मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और किसी भी तरह की दबंगई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों को आशंका है कि प्रधान पक्ष द्वारा भविष्य में और गंभीर घटनाएं की जा सकती हैं। गांव में शांति बहाली और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन से कड़ी निगरानी और त्वरित कार्रवाई की मांग की जा रही है।










Discussion about this post