मीरापुर। क्षेत्र के गांव मेजा सादात में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया। यह जमीन खसरा संख्या 331 में दर्ज है, जिस पर गांव के ही स्वराज पुत्र किशनलाल, इसरार पुत्र अय्यूब व अन्य ने अतिक्रमण कर लिया था और करीब एक हजार वर्ग मीटर में मिट्टी भरकर निर्माण की तैयारी शुरू कर दी थी।
ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन हरकत में आया और उपजिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार विपिन चौधरी, कानूनगो संजीव शर्मा, लेखपाल ओमवीर सिंह एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचा। टीम के साथ मौजूद जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण को तत्काल ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में भूमाफिया एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट उपजिलाधिकारी जानसठ जयेन्द्र कुमार को भेजी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि आगे की कार्यवाही उपजिलाधिकारी के आदेश पर की जाएगी।
इस कार्रवाई से गांव में प्रशासन के प्रति विश्वास और संतोष का माहौल बना है। अवैध कब्जे को लेकर की गई यह सख्ती अन्य संभावित अतिक्रमणकारियों के लिए कड़ा संदेश है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि सरकारी जमीनों की सुरक्षा को लेकर आगे और भी सख्ती की जाएगी।










Discussion about this post