नई दिल्ली: शुभमन गिल ने बतौर कप्तान अपने पहले ही टेस्ट में दिलचस्प रिकॉर्ड बना दिया है. शुभमन गिल ने शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन फिफ्टी जमाई. इसके साथ ही वे ऐसे नौवें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने कप्तान के तौर पर अपने पहले टेस्ट में 50 से अधिक रन बनाए हैं. इन नौ कप्तानों में शुभमन गिल की उम्र सबसे कम है. गिल ने जब यह रिकॉर्ड बनाया तब उनकी उम्र 25 साल 285 दिन है.
भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट शुक्रवार को लीड्स में शुरू हुआ. भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर विराट कोहली और रोहित शर्मा के बिना पहुंची है. ये दोनों खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. रोहित की जगह शुभमन गिल भारत के नए टेस्ट कप्तान बनाए गए हैं. गिल ने कप्तान के तौर पर रोहित शर्मा और बैटर के तौर पर कोहली की जगह ली है. वे इंग्लैंड के खिलाफ चौथे नंबर पर बैटिंग करने उतरे.
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत की. ओपनर केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी की. केएल राहुल (42) के आउट होने से यह साझेदारी टूटी. राहुल के तुरंत बाद डेब्यूटेंट साई सुदर्शन भी चलते बने. अपना पहला टेस्ट खेल रहे साई खाता भी नहीं खोल सके. साई सुदर्शन के आउट होने के बाद लंचब्रेक हो गया. लंचब्रेक के बाद ओपनर यशस्वी जायसवाल का साथ देने के लिए कप्तान शुभमन गिल उतरे.
शुभमन गिल ने यशस्वी जायसवाल ने बेहतरीन बैटिंग कर दूसरा सेशन अपने नाम कर लिया. इन दोनों बैटर ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की. इस दौरान पहले यशस्वी जायसवाल और फिर शुभमन गिल ने अपना अर्धशतक पूरा किया. गिल ने 56 गेंद में 8 चौकों की मदद से अर्धशतक पूरा किया. यह उनके टेस्ट करियर का 8वां अर्धशतक है.











Discussion about this post